Sunday, 22 June 2014

 प्रीमियम चल सकती है पैसेंजर को जगह नहीं:

हल्द्वानी। रेल सेवा के नाम पर यात्रियों के साथ दोहरा रवैया अपनाया जा रहा है। कुमाऊं के लोग काठगोदाम और हल्द्वानी से बरेली को सीधी ट्रेन चलाने की मांग करते रहे, लेकिन तकनीकी कारणों का हवाला और टालमटोल कर ट्रेन अब तक नहीं चली।
लालकुआं-बरेली के बीच ब्राडगेज होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि काठगोदाम से सीधे ट्रेन चलने लगेगी। लेकिन, लंबा अरसा बीतने के बाद भी काठगोदाम, हल्द्वानी स्टेशन से कोई सेवा शुरू नहीं हो सकी, जबकि बड़ी संख्या में यात्री बरेली के लिए अप-डाउन करते हैं, अगर उन्हें ट्रेन पकड़नी होती है, तो काठगोदाम से करीब 22 किमी दूर लालकुआं स्टेशन जाना पड़ता है। काठगोदाम, हल्द्वानी स्टेशन से सीधी ट्रेन चले, इसके लिए मांग, प्रदर्शन, धरने से लेकर अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया, लेकिन रेलवे अधिकारी हर बार टालमटोल करते रहे हैं। देवभूमि व्यापार मंडल के नगर महामंत्री राजीव जायसवाल कहते हैं कि काठगोदाम स्टेशन पर जगह न होने का कारण बता कर ट्रेन नहीं चलाई गई, पर इसी काठगोदाम स्टेशन पर जब प्रीमियम ट्रेन से कमाई की बात आई, तो ट्रेन दौड़ने लगी। कोई और तकनीकी अड़चन नहीं आई।
दिनभर खड़ी रहती है दून एक्सप्रेस
हल्द्वानी। दून एक्सप्रेस सुबह काठगोदाम स्टेशन पहुंच जाती है। यह ट्रेन शाम को दून के लिए रवाना होती है, तब तक ट्रेन खड़ी रहती है। लोगों की डिमांड थी कि दिन में आराम से इसका एक फेरा बरेली का लग सकता है, पर रेल अधिकारी इससे बेखबर हैं।

No comments:

Post a Comment